ढाका , अक्टूबर 10 -- बंगलादेश की जमात-ए-इस्लामी (बीजेआई) पार्टी ने शुक्रवार को एक बार फिर अगले साल होने वाले संसदीय चुनावों से पहले आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली को अपनाने की माँग की है।

डेली स्टार अखबार के अनुसार पार्टी के महासचिव मिया गुलाम पोरवार ने शुक्रवार को बैतुल मुकर्रम राष्ट्रीय मस्जिद में एक रैली को संबोधित करते हुए जुलाई चार्टर को लागू करने से पहले एक जनमत संग्रह कराए जाने की मांग की। साथ ही उन्होंने मांग की कि आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली पर भी जनता को सीधे फ़ैसला लेने की अनुमति दी जानी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि जुलाई चार्टर बंगलादेश में 2024 की जुलाई क्रांति के बाद राजनीतिक सुधारों का एक घोषणापत्र है। यह संवैधानिक, चुनावी और प्रशासनिक सुधारों को लागू करने का प्रस्ताव रखता है। इसे 30 राजनीतिक दलों तथा अंतरिम सरकार के बीच आम सहमति के आधार पर तैयार किया गया है।

देश के अधिकांश राजनीतिक दल हालांकि चार्टर पर जनमत संग्रह कराने के लिए सैद्धांतिक रूप से सहमत हो गए हैं, लेकिन जनमत कराए जाने के समय को लेकर अभी मतभेद बना हुआ है। बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) हालांकि 'फर्स्ट पास्ट फर्स्ट पोस्ट' व्यवस्था को बनाए रखने का पक्षधर है, लेकिन जमात और राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) एवं कई अन्य दल आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली को अपनाए जाने की मांग कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित