बैतूल , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर के गंज स्थित बीजासनी माता मंदिर में चैत्र नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ। मंदिर परिसर में 391 अखंड ज्योतों के प्रज्ज्वलन के साथ मां दुर्गा की आराधना आरंभ की गई, जिससे पूरा परिसर आस्था के प्रकाश से आलोकित हो उठा।
पूजन की शुरुआत पृथ्वी पूजन, गौरी-गणेश पूजन और शिव परिवार के आव्हान से हुई। इसके पश्चात स्वस्तिवाचन, मां बीजासनी की स्तुति और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित की। ज्योत प्रज्ज्वलन के बाद विधि-विधान से घट स्थापना की गई, जिसमें नवग्रह, नवदुर्गा, सप्तमातृका और चौसठ योगिनी सहित विभिन्न देवी-देवताओं का आव्हान किया गया।
श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में नारियल अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर "जय माता दी" के जयकारों से गूंज उठा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन सायं 7:30 बजे महाआरती और इसके पश्चात महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। 26 मार्च को दोपहर 12 बजे दुर्गासप्तशती हवन तथा 27 मार्च को दोपहर 12 बजे विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
महोत्सव का समापन 28 मार्च को खेड़ी ताप्ती घाट पर विधि-विधान से घट विसर्जन के साथ किया जाएगा। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन में भाग लेने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित