बीजापुर , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ के बीजापुर में 196 बटालियन वाहिनी मुख्यालय महादेव घाटी सहित विभिन्न समवाय स्थलों पर शौर्य दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया, जहां वीर जवानों के बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम के दौरान वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया। समारोह में विशेष रूप से शहीद सिपाही सतपाल, सिपाही देवेंद्र कुमार और सिपाही दिलीप पासवान को याद किया गया, जिन्होंने बीजापुर के संवेदनशील नक्सल प्रभावित क्षेत्र में कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपने प्राण न्यौछावर किए।

इस दौरान ड्यूटी के दौरान घायल हुए हवलदार राकेश कुल्लू का सम्मान भी किया गया, जिन्होंने 09 जनवरी 2025 को आईईडी ब्लास्ट में अपना एक पैर गंवा दिया था। लंबे उपचार के बाद उनके पुनः सेवा में लौटने को साहस और समर्पण का उदाहरण बताया गया। साथ ही सिपाही कृष्ण कुमार यादव के अदम्य साहस की भी सराहना की गई।

कार्यक्रम में कमांडेंट कुमार मनीष ने उपस्थित अधिकारियों और जवानों को कर्तव्य के प्रति शौर्य, अनुशासन और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों का बलिदान सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है और उनके पदचिन्हों पर चलते हुए राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।

इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी दिनेश, चिकित्सा अधिकारी डॉ. शुभम नितिन पवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं समवाय स्थलों पर उप कमांडेंट कुणाल किशोर, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. किरण राज, सहायक कमांडेंट रमेश नायक, संतोष कुमार पटेल और तरुण कुमार मीना की उपस्थिति में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित