बीजापुर , जुलाई 25 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के पीड़िया-हिरमगुंडा के जंगलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 199वीं एवं 85वीं वाहिनी और 202 कोबरा बटालियन ने संयुक्त अभियान चलाकर माओवादियों के छह डंप बरामद कर उन्हें सुरक्षित तरीके से ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार बरामद सामग्री का इस्तेमाल सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की योजना के तहत किया जाना था।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 22 जुलाई को प्राप्त आसूचना के आधार पर संयुक्त बलों ने पीड़िया-हिरमगुंडा क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान संचालित किया। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए छह माओवादी डंप बरामद किए गए, जिन्हें सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए नष्ट कर दिया गया।
सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, बरामद विस्फोटक सामग्री को भविष्य में सुरक्षाबलों की आवाजाही वाले मार्गों पर आईईडी लगाने तथा बड़े हमलों को अंजाम देने के उद्देश्य से सुरक्षित रखा गया था। समय रहते डंप बरामद होने से माओवादियों की इस योजना को विफल कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि हिरमगुंडा और पीड़िया का इलाका कभी माओवादियों का मजबूत आधार क्षेत्र माना जाता था। लगातार सुरक्षा अभियानों, नए सुरक्षा शिविरों और प्रशासन की बढ़ती पहुंच के कारण इस क्षेत्र में माओवादी प्रभाव पूरी तरह समाप्त हो चुका है। अब सुरक्षा बलों का अभियान जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटकों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने पर केंद्रित है।
अभियान के दौरान किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित