बीजापुर , अप्रैल 14 -- छत्तीसगढ़ में बीजापुर जिले के पीडिया केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) शिविर के समीप स्थित सुदा मेट्टा पहाड़ी क्षेत्र में 12 अप्रैल को शाम करीब 7:30 बजे अचानक जंगल में आग लगने की घटना प्रकाश में आयी है।
सीआरपीएफ से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पीडिया कैंप में तैनात सीआरपीएफ की 199वीं वाहिनी की बी कंपनी तत्काल सक्रिय हुई। कैंप कमांडर राजीव कुमार और कंपनी कमांडर सहायक कमांडेंट अक्षय झा के नेतृत्व में जवानों ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाल लिया। सीमित संसाधनों के बावजूद जवानों ने पानी, मिट्टी और अग्निशमन यंत्रों का उपयोग कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और घने जंगल के बीच रात के अंधेरे में राहत एवं बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। कठिन परिस्थितियों में कार्य करते हुए कुछ जवानों को हल्की चोटें भी आईं, लेकिन उन्होंने अभियान जारी रखा। लगातार कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद 13 अप्रैल की सुबह करीब चार बजे आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
हालांकि स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी और उसी दिन दोपहर करीब एक बजे आग ने पुनः उग्र रूप धारण कर लिया। इस पर भी जवानों ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए दोबारा अभियान चलाया और अल्प समय में आग को नियंत्रित कर लिया।
कमांडेंट आनंद कुमार और द्वितीय कमान अधिकारी विनोद कुमार के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में कैंप कमांडर राजीव कुमार और कंपनी कमांडर अक्षय झा के नेतृत्व में जवानों ने न केवल आग को कैंप तक पहुंचने से रोका, बल्कि आसपास के गांवों और जिओ मोबाइल टावर को भी सुरक्षित बचाने में सफलता हासिल की।
स्थानीय ग्रामीणों ने सीआरपीएफ जवानों की सतर्कता, साहस और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे एक बड़ी राहत बताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित