बीजापुर , अगस्त 05 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक बार फिर वन्यजीवों की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा है। इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में बाघों के शिकार की हालिया घटनाओं के बीच अब कुटरू-मंगापेटा मार्ग पर एक तेंदुआ खुलेआम सड़क पर घूमता नजर आया।

जानकारी के अनुसार, तेंदुआ करीब 20 मिनट तक सड़क पर मौजूद रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। वाहन चालकों ने सुरक्षित दूरी बनाकर तेंदुए के जंगल की ओर लौटने का इंतजार किया। कुछ देर बाद तेंदुआ स्वयं सड़क छोड़कर जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

108 एंबुलेंस चालक संदीप तोड़से और ईएमटी रविंद्र कुमार ने बताया कि वे ड्यूटी के दौरान कुटरू-मंगापेटा मार्ग से गुजर रहे थे, तभी अचानक सड़क पर तेंदुआ दिखाई दिया। उन्होंने सुरक्षित दूरी बनाकर पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान प्रदेश के प्रमुख वन्यजीव क्षेत्रों में शामिल है और यह बाघ, तेंदुआ, दुर्लभ जंगली भैंसा, भालू, सांभर, चीतल सहित अनेक वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र से गुजरते समय सतर्क रहें, वाहन की गति नियंत्रित रखें और किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे परेशान करने का प्रयास न करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित