बीजापुर , मई 11 -- ) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नवपदस्थ कलेक्टर विश्वदीप ने सोमवार को जिला कार्यालय में सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत में जिले के समग्र विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं और कहा कि जिले में विकास को नयी गति मिलेगी।

श्री विश्वदीप ने कहा कि अब बीजापुर में विकास कार्यों को नयी दिशा और गति देने का समय आ गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, सड़क, बिजली, पानी सहित बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि बीजापुर लंबे समय तक माओवाद प्रभावित क्षेत्र रहा है, जिसके चलते विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई। वर्तमान में बदलते हालात के बीच प्रशासन नई ऊर्जा, सकारात्मक दृष्टिकोण और सामुदायिक सहभागिता के साथ जिले के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कलेक्टर ने कहा कि 'नियद नेल्लानार' और 'बस्तर मुन्ने' जैसी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और शासन एवं जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस दौरान उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों ने जिले में कवरेज के अपने अनुभव साझा किए तथा बदलते हालातों पर संतोष व्यक्त करते हुए विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल तथा उप संचालक जनसंपर्क दिनेश नेताम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित