बीजापुर, फरवरी 05 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के दक्षिणी क्षेत्र में गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस सशस्त्र संघर्ष में एक नक्सली मारा गया है तथा एक एके-47 राइफल बरामद की गई है। मुठभेड़ अब भी जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीजापुर जिले के दक्षिणी क्षेत्र में सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगगी की विश्वसनीय सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने एक व्यापक खोजी अभियान शुरू किया। इस अभियान में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीमें शामिल हैं। अभियान के दौरान आज सुबह लगभग 07:30 बजे दक्षिण बीजापुर इलाके में सुरक्षाकर्मियों का सशस्त्र नक्सलियों के साथ सामना हो गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।

घने वनों एवं दुर्गम इलाके में हो रही इस मुठभेड़ में रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। अब तक की जानकारी में मुठभेड़ स्थल से एक नक्सली का शव तथा एक एके-47 असॉल्ट राइफल बरामद किए जाने की पुष्टि हुई है। मृत नक्सली की पहचान का विवरण अभी प्राप्त नहीं हुआ है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेराव में ले लिया है और ऑपरेशन को तेज कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित