बीजापुर , सितंबर 22 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादी विरोधी अभियान के दौरान बेदरे थाना क्षेत्र के लंका पहाड़ी के जंगल में जमीन के भीतर छिपाए गए माओवादी डंप का पता लगाकर एसएलआर, इंसास रायफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सुरक्षा बलों की टीम क्षेत्र में तलाश और बारूदी सुरंग हटाने का अभियान पर निकली थी। इसी दौरान लंका पहाड़ी के जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। तलाशी लेने पर वहां से एक एसएलआर/एलएमजी रायफल, एक इंसास रायफल, एक .315 बोर बंदूक, दो बीजीएल लॉन्चर, 17 बीजीएल सेल और एक चाइना हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया।

डंप से एसएलआर के 49 राउंड, .315 बोर के 15 राउंड, बीजीएल के 15 कारतूस, एसएलआर की चार मैगजीन और .315 बोर की एक मैगजीन समेत अन्य सामग्री एवं उपकरण भी बरामद किए गए हैं। सुरक्षा बलों ने बरामद हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई के साथ डंप से जुड़े लोगों का पता लगाया जा रहा है।

बीजापुर जिले में सितंबर के दौरान अलग-अलग अभियानों में माओवादियों के कई डंप बरामद किए जा चुके हैं। गत 20 सितंबर को भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल से एके-47, .315 बोर बंदूक, सिंगल शॉट पिस्टल, कारतूस और मैगजीन बरामद की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित