बीजापुर , मार्च 03 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पुलिस और ग्रामीणों के बीच संवाद एवं विश्वास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोशल पुलिसिंग अभियान के तहत भोपालपट्टनम क्षेत्र में व्यापक जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

गांव-गांव पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने सीधे ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को मौके पर सुना। बारेगुड़ा के ग्रामीणों ने मोबाइल टॉवर लम्बे समय से बंद होने की बात पुलिस को बतायी।

पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार,थाना प्रभारी जीवन कुमार जांगड़े ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक घनश्याम कामड़े के मार्गदर्शन में बारेगुड़ा ग्राम पंचायत के आश्रित ग्राम पेटा गोगड़ा, रेड्डीपल्ली और सकनापल्ली में बैठकें आयोजित की गईं। कार्यक्रम में लगभग 200 ग्रामीणों की उपस्थिति रही। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याएं खुलकर रखीं, जिनमें संचार व्यवस्था, आधारभूत सुविधाएं और सुरक्षा संबंधी मुद्दे प्रमुख रहे।

बारेगुड़ा में स्थापित मोबाइल टॉवर के लंबे समय से बंद रहने की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। थाना प्रभारी ने संबंधित विभाग को प्रकरण प्रेषित कर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त नक्सल उन्मूलन अभियान, टोनही प्रताड़ना की रोकथाम, साइबर अपराध से बचाव और अफवाहों से सतर्क रहने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित