बीजापुर , जुलाई 31 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ की स्थिति के मद्देनजर कलेक्टर विश्वदीप ने शुक्रवार को भोपालपटनम क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का व्यापक दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। श्री विश्वदीप ने इन्द्रावती नदी पर तिमेड़ पुल का निरीक्षण कर जलस्तर एवं आवागमन की स्थिति का जायजा लिया तथा इसके बाद चंदनगिरी स्थित राहत शिविर पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रभावितों को हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

कलेक्टर ने राहत शिविर में भोजन, स्वच्छ पेयजल, वस्त्र, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में रह रहे प्रत्येक परिवार की मूलभूत आवश्यकताओं की नियमित रूप से पूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाए। साथ ही बाढ़ से हुई क्षति का शीघ्र सर्वेक्षण कर पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नल्लमपल्ली और रामपुरम गांवों का भी भ्रमण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। रामपुरम में राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज बहाव के साथ पानी बहता मिला। इस पर उन्होंने अधिकारियों को बहते पानी वाले मार्गों पर लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित करने तथा सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने लोगों से बहते पानी को पार करने का प्रयास नहीं करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित उपजिलाधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार, पुलिस अथवा जिला प्रशासन से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है और प्रत्येक प्रभावित नागरिक तक राहत एवं सहायता पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कलेकटर के दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे, संबंधित एसडीएम, तहसीलदार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन के अनुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है तथा स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित