बीजापुर , जून 18 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के नैमेड क्षेत्र स्थित मिनगाछल नदी में प्रतिबंध अवधि के दौरान कथित रूप से चल रहे अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर विधायक विक्रम मंडावी बुधवार देर रात मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस और खनिज विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उत्खनन में प्रयुक्त मशीनों और वाहनों को जब्त किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य शासन द्वारा नदी-नालों से रेत उत्खनन पर रोक लगाए जाने के बावजूद मिनगाछल नदी में कल देर रात भारी मशीनों की सहायता से रेत निकाली जा रही थी। बताया जाता है कि देर रात करीब डेढ़ बजे विधायक मंडावी को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी के भीतर पोकलेन और जेसीबी मशीनों से रेत का उत्खनन किया जा रहा था तथा वाहनों के माध्यम से उसका परिवहन भी जारी था। विधायक के पहुंचने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

विधायक मंडावी ने तत्काल नैमेड थाना प्रभारी तथा खनिज विभाग के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची संयुक्त टीम ने जांच के दौरान एक पोकलेन, एक जेसीबी तथा चार वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू की।

श्री मंडावी ने कहा कि 10 जून से 15 अक्टूबर तक नदी-नालों से रेत उत्खनन प्रतिबंधित रहता है। इसके बावजूद मशीनों के जरिए रात्रिकालीन उत्खनन गंभीर मामला है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के समय नदी क्षेत्रों में अवैध उत्खनन की गतिविधियां लगातार संचालित होती रही हैं। फिलहाल प्रशासनिक अमला मामले की जांच में जुटा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित