बीजापुर , अगस्त 30 -- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 85वीं बटालियन ने सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों के छिपाए गए डंप से हथियार, गोला-बारूद और आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाली विस्फोटक सामग्री बरामद की है। मौके से बरामद पांच किलोग्राम की आईईडी को सुरक्षा बलों ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
सीआरपीएफ से आज मिली जानकारी के अनुसार हिरमागुंडा के सुद्दूमेट्टा पारा के वन क्षेत्र में नक्सली सामग्री और विस्फोटक छिपाए जाने की सूचना 28 अगस्त को विश्वसनीय सूत्रों से मिली थी। इसके आधार पर पुलिस उप महानिरीक्षक (ऑप्स), सीआरपीएफ रेंज बीजापुर के मार्गदर्शन, बीजापुर पुलिस अधीक्षक के परामर्श तथा 85वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील कुमार राही के पर्यवेक्षण में अभियान की योजना तैयार की गई।
अधिकारियों ने बताया कि 29 अगस्त को सुबह करीब पांच बजे थाना गंगालूर क्षेत्र के अंतर्गत सुद्दूमेट्टा के जंगल में अभियान शुरू किया गया। ए/85 बटालियन सीआरपीएफ की टीम निरीक्षक (जीडी) के.पी. कनवर के नेतृत्व में सर्चिंग के लिए रवाना हुई थी।
अभियान से लौटने के दौरान जवानों को एक क्षेत्र संदिग्ध दिखाई दिया। इलाके की गहन तलाशी लेने पर वहां छिपाया गया नक्सली डंप मिला। डंप से दो भरमार राइफल, 7.62 गुणा 39 एमएम के 30 जिंदा कारतूस, चार डेटोनेटर, पांच बीजीएल राउंड, आठ जिलेटिन स्टिक, 20 मीटर कार्डेक्स वायर और पांच किलोग्राम की आईईडी बरामद की गई।
सुरक्षा बलों ने बरामद आईईडी को डिमोलिशन सेट की मदद से मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
अभियान की सफलता पर कमांडेंट सुनील कुमार राही ने अभियान में शामिल जवानों की सराहना की। सीआरपीएफ की ओर से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन तथा एरिया डॉमिनेशन अभियान चलाए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित