बीजापुर , जून 08 -- ) छत्तीसगढ़ के बीजापुर में कृषि कार्यों के लिए किसानों को समय पर खाद, बीज और ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

कलेक्टर विश्वदीप ने सोमवार को कृषि, सहकारिता विभाग और जिला सहकारी बैंक के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक में खाद-बीज वितरण व्यवस्था को सुचारू रखने तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए। बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2026 के लिए खाद-बीज भंडारण, धान बीज वितरण तथा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से ऋण वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले की सहकारी समितियों में 6329 क्विंटल धान बीज, 1962 मीट्रिक टन यूरिया, 500 मीट्रिक टन डीएपी, 49 मीट्रिक टन एनपीके तथा 46 मीट्रिक टन पोटाश उपलब्ध है।

कलेक्टर ने शाखा प्रबंधकों एवं समिति प्रबंधकों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से नगद ऋण और खाद-बीज के लिए ऋण वितरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को आवश्यक कृषि सामग्री समय पर उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को अपने-अपने क्षेत्रों में खाद-बीज भंडारण एवं ऋण वितरण की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग को अमानक खाद की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने तथा नियमों के विपरीत उर्वरक विक्रय करने वाले लाइसेंसधारी विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

कलेक्टर ने जिला विपणन अधिकारी को निर्देशित किया कि समितियों द्वारा उपार्जित धान का शत-प्रतिशत उठाव एक सप्ताह के भीतर कराया जाए। साथ ही धान उठाव पूर्ण होने के बाद लेखा मिलान की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर भूपेंद्र अग्रवाल सहित सहकारिता, कृषि, विपणन विभाग तथा जिला सहकारी बैंक के अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित