बीजापुर , जुलाई 25 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में वन विभाग ने अवैध काष्ठ के विरुद्ध अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए ग्राम पामेड़ से अवैध सागौन चिरान और एक रेंदा मशीन जब्त की है। इस संबंध में वन अपराध दर्ज कर जब्त सामग्री को सुरक्षित काष्ठागार डिपो भेज दिया गया है।

वन विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि वनमंडलाधिकारी बीजापुर तथा उप वनमंडलाधिकारी आवापल्ली के निर्देशन में 24 जुलाई को ग्राम पामेड़ स्थित पवन कुमार गडपा के मकान में छापामार कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान सागौन चिरान (पलंग फ्रेम सहित) के 15 नग बरामद किए गए, जिनकी कुल मात्रा 0.202 घन मीटर मापी गई। मौके से बढ़ईगीरी कार्य में प्रयुक्त एक रेंदा मशीन भी जब्त की गई।

उन्होंने बताया कि जब्त रेंदा मशीन की अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये तथा बरामद सागौन काष्ठ का अनुमानित मूल्य 14,631 रुपये है। मामले में पी.ओ.आर. क्रमांक 9761/17, दिनांक 24 जुलाई 2026 के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है।

वन विभाग के अनुसार जब्त काष्ठ एवं रेंदा मशीन को कार्टिंग चालान क्रमांक 230/01 के माध्यम से काष्ठागार डिपो, बीजापुर में सुरक्षित जमा करा दिया गया है। विभाग ने कहा कि अवैध कटाई, परिवहन और काष्ठ के अवैध भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से किसी भी अवैध वन गतिविधि की सूचना निकटतम वन कार्यालय को देने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित