बीजापुर , फरवरी 18 -- त्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में खेल प्रेमियों के लिए उत्साह और रोमांच का माहौल है। यहां मिनी स्टेडियम में 18 से 20 फरवरी तक अखिल भारतीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की नामचीन टीमें हिस्सा ले रही हैं।

जिला पीआरओ से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार,प्रतियोगिता में इनकम टैक्स महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, जबलपुर रेलवे, छत्तीसगढ़ पुलिस, साईं तमिलनाडु, उड़ीसा एवं तेलंगाना की टीमें आमने-सामने हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में दर्शकों को उच्चस्तरीय और कांटे की टक्कर वाले मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा। मैदान में दमदार सर्व, मजबूत ब्लॉक और आक्रामक स्मैश से स्टेडियम रोमांच से गूंज उठा है।

प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर व्हॉलीबॉल संघ के प्रदेश अध्यक्ष महेश गागड़ा, सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे, जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी, मथियास कुजूर, सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारीगण, डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी नारायण प्रसाद गवेल, एसडीएम बीजापुर जागेश्वर कौशल सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित