रायपुर , सितंबर 23 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने बीजापुर-आवापल्ली-बासागुड़ा-जगरगुंडा मार्ग के मजबूतीकरण के लिए 18 करोड़ 94 लाख 23 हजार रुपये की मंजूरी दी है। स्वीकृत राशि से कुल 37.10 किलोमीटर सड़क का मजबूतीकरण किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से राशि स्वीकृति का पत्र प्रमुख अभियंता को जारी कर दिया है।

श्री साव ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों और संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

राज्य शासन ने प्रमुख अभियंता को निर्धारित समय-सीमा में निविदा प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही निर्माण कार्य के प्राक्कलन और क्रियान्वयन में मितव्ययिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

लोक निर्माण विभाग ने निर्माण एजेंसी से अनुबंधित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने को कहा है। विभाग के मुताबिक निर्माण कार्य के लिए अनावश्यक रूप से समय-सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी। अपरिहार्य एवं नियंत्रण से बाहर के कारणों की स्थिति में ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा में वृद्धि की जा सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित