बीजापुर , मई 21 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में विधायक विक्रम मंडावी ने चार दिवसीय दौरे के दौरान बीजापुर और उसूर विकासखंड के 33 अंदरूनी गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं।
श्री मंडावी ने दौरे के दौरान ग्रामीणों ने उनके समक्ष स्कूल, अस्पताल, सड़क, शुद्ध पेयजल, बिजली, आंगनबाड़ी केंद्र और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग रखी। विधायक मंडावी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं और मांगों को सरकार तक पहुंचाकर समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे।
श्री मंडावी ने दौरे के समापन पर कहा कि उसूर और गंगालूर क्षेत्र की कई पंचायतों में आज भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली और रोजगार संबंधी मांगों को प्राथमिकता के साथ शासन के समक्ष रखा जाएगा।
विधायक ने पेदाकोरमा, पालनार, सावनार, तोड़का, ईतवार, कोरचोली, पुसानार, कावड़गांव, हिरमगुण्डा, मुदवेंडी, पीड़िया, डोडीतुमनार, गमपुर, पेदागेलूर, पालागुड़ा, कंचाल, गण्डाराजगुड़ा, एर्रापल्ली, मेटागुड़ा, मंगलतोंग, रासपल्ली, यमपुर, सापेड़, बड़े तर्रेम, पोलमपल्ली, कोंजेर, नरसापुर, टेकुलगुड़ा, मुरकीपाड़, पुसबाका और चिपुरभट्टी सहित कई अंदरूनी गांवों का दौरा किया।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार यह पहला अवसर है जब किसी विधायक ने जिले के इतने दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों तक पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया है।
इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लालू राठौर, उसूर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज अवलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित