बीजापुर , जनवरी 19 -- ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से बीजापुर जिले में नियद नेल्लानार योजना के तहत 69 ग्रामों में 'स्वास्थ्य मित्र' की अस्थायी नियुक्ति की जाएगी। इस संबंध में कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बीजापुर द्वारा विज्ञापन जारी कर पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत प्रत्येक चयनित ग्राम में एक स्वास्थ्य मित्र की नियुक्ति प्रस्तावित है, जो ग्रामीण स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में सहयोग करेगा।

जारी सूचना के अनुसार स्वास्थ्य मित्र पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 5000 रुपये मानदेय दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कार्य आधारित प्रोत्साहन राशि के रूप में अधिकतम 3000 रुपये तक का भुगतान भी किया जा सकेगा। इस प्रकार यह योजना ग्रामीण युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय स्वास्थ्य तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

आवेदन प्रक्रिया 16 जनवरी 2026 से प्रारंभ होकर 29 जनवरी 2026 की शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन केवल स्पीड पोस्ट अथवा रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से भेजना होगा। अन्य किसी भी माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदक की आयु 18 से 40 वर्ष के मध्य होना अनिवार्य है।

चयन प्रक्रिया में संबंधित ग्राम के निवासी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि किसी ग्राम से पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होते हैं, तो समीपस्थ ग्राम के आवेदकों पर विचार किया जाएगा। चयन पूरी तरह से मेरिट क्रम के आधार पर किया जाएगा। चयनित स्वास्थ्य मित्रों को कार्य प्रारंभ करने से पूर्व 5 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। यह नियुक्ति पूर्णतः अस्थायी होगी तथा स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था के अंतर्गत कभी भी समाप्त की जा सकेगी।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बीजापुर से संपर्क कर सकते हैं या जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर प्राप्त कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित