बीजापुर, फरवरी 05 -- बीजापुर में नक्सल प्रभावित डुमरीपालनार क्षेत्र में तैनात 85वीं बटालियन सीआरपीएफ ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ रिश्ते मजबूत करने के लिए एक विशेष सिविल एक्शन एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। चार जनवरी को आयोजित इस कार्यक्रम में 150 ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न लाभ प्राप्त किया। यह जानकारी सीआरपीएफ कैंप ने गुरुवार को दी।
बटालियन के नव स्थापित जी/85 कैंप में आयोजित इस कार्यक्रम में कमांडेंट सुनील कुमार राही की उपस्थिति में जरूरतमंद परिवारों को घरेलू उपयोग की वस्तुएं, खेल सामग्री और कृषि संबंधी सामान वितरित किए गए। साथ ही, एक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में बटालियन के चिकित्सा अधिकारियों ने ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक दवाइयां प्रदान कीं।
कमांडेंट राही ने बताया कि बटालियन द्वारा 24 जनवरी को इस क्षेत्र में कैंप स्थापित करने के बाद से सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास पर भी ध्यान केंद्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि सड़क, बिजली, रसद एवं संचार जैसी आधारभूत सुविधाएं ग्रामीणों तक पहुंच सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित