बैतूल , जुलाई 17 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के बीजादेही थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ फड़ पर छापा मारकर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5,750 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे और एसडीओपी शाहपुर राजेश तिवारी के मार्गदर्शन में जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिलने पर बीजादेही थाना पुलिस ने ग्राम चूनाहजुरी में छापामार कार्रवाई की।

पुलिस ने मौके से कमलेश यादव, रतिराम परते, छोटेराम धाड़से, विनोद राठौर और उमेश धुर्वे को कथित रूप से जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 5,750 रुपये नकद तथा 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए।

पुलिस ने इस संबंध में बीजादेही थाना में अपराध क्रमांक 47/2026 दर्ज कर मध्यप्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत प्रकरण कायम किया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना स्थानीय पुलिस अथवा डायल-112 पर देने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

इधर, पाढर क्षेत्र में भी अवैध जुआ घर संचालित होने की स्थानीय स्तर पर चर्चाएं हैं। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि या कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित