भुवनेश्वर , जुलाई 13 -- बीजू जनता दल (बीजद) ने रविवार को भुवनेश्वर में हुई एक राजनीतिक रैली में नाबालिग बच्चों के कथित इस्तेमाल के मुद्दे को लेकर सोमवार को ओडिशा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (ओएससीपीसीआर) से मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और पूर्व विधायक प्रभात रंजन बिस्वाल को कारण बताओ नोटिस जारी करने की मांग की।

ओएससीपीसीआर के अध्यक्ष को सौंपे गये ज्ञापन में, मुख्य विपक्षी दल के एक प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि राज्य की राजधानी में 12 जुलाई को आयोजित एक 'जॉइनिंग प्रोग्राम' (पार्टी में शामिल होने के कार्यक्रम) के सिलसिले में आयोजित भाजपा की रैली में बच्चों को शामिल किया गया था। पूर्व बीजद विधायक प्रभात रंजन बिस्वाल इसी कार्यक्रम में भाजपा में शामिल हुए थे।

बीजद ने आरोप लगाया कि कई नाबालिग बच्चों को भाजपा की टोपियां पहने और पार्टी के प्लेकार्ड एवं झंडे लिए हुए राजनीतिक रैली में भाग लेते देखा गया। रैली में नाबालिगों की कथित भागीदारी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए बीजद ने कहा कि इस घटना ने बच्चों के अधिकारों, कल्याण और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।

पार्टी का कहना है कि बच्चों को ऐसी राजनीतिक रैलियों या गतिविधियों में शामिल नहीं किया जाना चाहिए, जिनसे वे राजनीतिक प्रभाव या जन-लामबंदी के संपर्क में आ सकते हैं।

बीजद ने ओएससीपीसीआर अध्यक्ष से इस मामले का संज्ञान लेने, उचित जांच करने और कानून के अनुसार कार्रवाई शुरू करने तथा भविष्य में बच्चों का इस्तेमाल राजनीतिक रैलियों, प्रदर्शनों या चुनाव प्रचार में न किये जाने के लिए निर्देश देने का आग्रह किया।आयोग पर भरोसा जताते हुए बीजद ने कहा कि उसे उम्मीद है कि बाल अधिकार संस्था इस कथित घटना का तुरंत संज्ञान लेगी और बच्चों के अधिकारों और उनके सर्वोत्तम हितों की रक्षा के लिए ज़रूरी कदम उठायेगी। पार्टी ने भुवनेश्वर में 12 जुलाई को हुई राजनीतिक रैली में नाबालिगों की कथित भागीदारी की जांच की भी मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित