भुवनेश्वर , अक्टूबर 06 -- बीजू जनता दल (बीजद) के राज्यसभा सांसद मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में विपक्षी दलों के विरोध-प्रदर्शन में शामिल होकर मतदाता सूची की 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) प्रक्रिया में गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (सीईसी) के इस्तीफे की मांग करेंगे।
राज्यसभा में बीजद संसदीय दल के नेता मानस मंगराज ने कहा कि पार्टी के सांसद, पार्टी अध्यक्ष और ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक के निर्देश पर विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। श्री मंगराज ने कहा कि श्री पटनायक पहले ही एसआईआर प्रक्रिया में श्री कुमार की भूमिका को लेकर उनके इस्तीफे की मांग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान ओडिशा में 20 लाख से अधिक और देशभर में 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए जाने से मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया पर गंभीर चिंताएं पैदा हुई हैं।
श्री मंगराज ने ओडिशा के भद्रक जिले की धामनगर विधानसभा सीट का ज़िक्र करते हुए आरोप लगाया कि एक खास इलाके में अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों के 227 मत संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) की जानकारी के बिना हटा दिए गए। उन्होंने दावा किया कि धामनगर में हज़ारों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं और कहा कि राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी आरएस गोपालन द्वारा स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए दिए गए आवेदन ने इस प्रक्रिया पर और सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित