देहरादून , अक्तूबर 24 -- उत्तराखंड के श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में शनिवार को समिति में कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों की वन टाइम सेटलमेंट, समान कार्य समान वेतन तथा सम्मानजनक वेतन पर चर्चा एवं समाधान के लिए बीकेटीसी के ट्रांजिट केंप ऋषिकेश कार्यालय सभागार में बीकेटीसी संयुक्त कर्मचारी संघ और अस्थायी कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ आवश्यक वार्ता एवं बैठक आयोजित हुई। जिसमें अस्थायी कर्मचारियों की मांगों के समाधान को एक उपसमिति का गठन किया गया तथा बीकेटीसी की ओर से तीन सप्ताह में समाधान का भरोसा दिया गया है।
बैठक में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने श्री बदरीनाथ तथा बीकेटीसी संयुक्त कर्मचारी संघ/श्री केदारनाथ समिति अस्धायी कर्मचारियों से धरना समाप्त करने की अपील की है।
बीकेटीसी अध्यक्ष श्री द्विवेदी ने बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देश में बोर्ड की पहली बैठक से अस्थायी कर्मचारियों के वन टाइम सेटलमेंट, समान कार्य-समान वेतन सहित अन्य मांगों पर उचित समाधान निकालने की पहल की गयी है तथा पहली बोर्ड बैठक के बाद बोर्ड के समस्त पदाधिकारियों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री से बातचीत की। अस्थायी कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए बोर्ड उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती तथा उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण की अध्यक्षता में उप समिति का गठन किया गया है। जिसमें वित्त अधिकारी तथा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल रहेंगे। उप समिति आंदोलनरत कर्मचारियों की मांगों का शीघ्र निराकरण करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित