बारां , फरवरी 24 -- राजस्थान में बारां में सेन समाज ने बीकानेर के रंजीतपुरा गांव में कक्षा आठवीं बोर्ड की परीक्षा देने निकली बालिका से की गयी बर्बरता एवं हत्या के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करके अतिरिक्त जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि इस घटनाक्रम से पूरा सेन समाज आहत है। इस घटना की पूरे राजस्थान में निंदा की जा रही है। ऐसी घटनाओं की बार-बार पुनरावृत्ति होना राजस्थान सरकार एवं पुलिस प्रशासन पर सुरक्षा के नाम पर प्रश्न चिह्न खड़ा करती है।

ज्ञापन में मांग की गयी है कि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाये। ज्ञापन देने वालों में राष्ट्रीय नाई महासभा के जिलाध्यक्ष राधेश्याम सेन, सेन समाज उत्थान समिति चौरासी के अध्यक्ष छोटूलाल सेन, राष्ट्रीय नाई महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष भगवती प्रसाद सेन, मातृशक्ति सेवा संस्थान के अध्यक्ष हरिशंकर सेन, भारतीय सेन समाज के अध्यक्ष आशीष सेन, नारायणी सेना के अध्यक्ष राजेंद्र उण्डा सहित सेन समाज के अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित