बीकानेर , जून 21 -- राजस्थान के बीकानेर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सामूहिक योगाभ्यास कर आमजन को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, कोलायत विधायक अंशुमान सिंह, डूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक योग के बाद योग को जन जन तक पहुंचाने एवं योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर श्री मेघवाल और श्री वैष्णव ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को मजबूती मिलती है और व्यक्ति तनावमुक्त तथा स्वस्थ जीवन जी सकता है।
योग प्रशिक्षकों ने कार्यक्रम में विभिन्न योग आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से कमल बहन ने ध्यान करवाया। गायत्री परिवार से देवेन्द्र सारस्वत ने शांति पाठ, प्रशांत कुमार ने ओम का उच्चारण, प्रार्थना और गोमाराम ने योग गीत गाया।
योगाभ्यास में हजारों की संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित