जयपुर , अगस्त 12 -- राजस्थान में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा जिसमें 22 अधिकारियों एवं जवानों को विशेष पदक प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार समारोह में कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट सेवा और उल्लेखनीय योगदान के लिए राजस्थान पुलिस एवं कारागार विभाग के 22 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक, पुलिस पदक एवं राष्ट्रपति सुधारात्मक सेवा पदक प्रदान किये जायेंगे।इनमें दाे अधिकारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक, 16 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस पदक तथा कारागार विभाग के चार अधिकारियों/कर्मचारियों को राष्ट्रपति सुधारात्मक सेवा पदक प्रदान किया जाना है।
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कंपनी कमांडर, तीसरी बटालियन आरएसी, बीकानेर हाल सेवानिवृत्त भंवर सिंह तथा सब-इंस्पेक्टर, एजीटीएफ, सीआईडी (सीबी), जयपुर नरेंद्र सिंह को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जायेगा।
उप-महानिरीक्षक पुलिस आर्म्ड बटालियंस, राजस्थान हाल उपमहानिरीक्षक पुलिस इंटेलिजेंस मनीष अग्रवाल द्वितीय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसओजी जयपुर हाल पुलिस अधीक्षक बूंदी अवनीश कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीआईडी एसएसबी जोन जयपुर शहर धर्मेंद्र सिंह सागर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बाली जिला पाली चैन सिंह महेचा को पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित