श्रीगंगानगर , सितम्बर 09 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर की बुर्जी संख्या 236 के निकट झाड़ियों में एक किशोर का शव बरामद हुआ है। पुलिस सू्त्रों ने बुधवार को बताया कि इस किशोर की पहचान बीकानेर जिले के लूणकरणसर शहर के एक मोहल्ले के निवासी के रूप में हुई है। यह किशोर चोरी के मामले में बीकानेर में सदर थाना क्षेत्र में गजनेर रोड पर स्थित बाल संप्रेषण गृह में विगत जुलाई से निरुद्ध था। इस संप्रेषण गृह से तीन-चार सितंबर की रात को पांच बाल अपचारी भाग निकलने में कामयाब हो गये थे, जिनमें यह किशोर भी शामिल था।

इस मामले की जांच कर रहे बीकानेर सदर थाना में नियुक्त पुलिस उप निरीक्षक महेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि पांच बाल अपचारियों में से एक को काबू कर लिया गया। बाकी चार अब तक फरार थे, जिनमें से एक का शव राजियासर थाना क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर की बुर्जी 236 के पास बरामद हुआ है।

शव सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया गया। मृतक किशोर के परिवारजन सुबह सूरतगढ़ सरकारी अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद किशोर की पहचान हो पायी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव उनके सुपुर्द कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित