बीकानेर , सितम्बर 22 -- राजस्थान में बीकानेर नगर निगम के उप महापौर के चुनाव में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रातों रात बाजी पलटते हुए कम संख्या बल के बावजूद कांग्रेस के उम्मीदवार को दो मतों से हराकर अपने प्रत्याशी को निर्वाचित करा लिया।
आज हुए उप महापौर के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी पंकज गहलोत को 40 और कांग्रेस की नसीम बानो को 38 मत मिले। एक मत खारिज हो गया जबकि एक नोटा को गया।
भाजपा की यह जीत आश्चर्यचकित करने वाली रही। दरअसल बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों में कांग्रेस के कुल 42, भाजपा के 27 और 10 निर्दलीय और एक आरएलपी का पार्षद चुना गया था। सोमवार को हुए महापौर के चुनाव में कांग्रेस ने कुल 50 पार्षदों का समर्थन करके सपाट जीत दर्ज की थी। भाजपा को केवल 30 मत ही मिले।
आज पांसा पूरी तरह पलट गया। उम्मीद के विपरीत भाजपा ने न केवल अपने सभी पार्षदों को एक जुट किया बल्कि सभी निर्दलीय को अपने पक्ष में करके 40 सीटें पाकर स्पष्ट जीत दर्ज की। कांग्रेस के एक पार्षद का मत निरस्त हो गया जबकि एक पार्षद ने नोटा दबाकर भाजपा की स्पष्ट जीत तय कर दी।
दरअसल गुटबाजी के चलते कांग्रेस ने अल्पसंख्यक का दांव खेलते हुए नसीम बानो को अपना उम्मीदवार बनाया। यह दांव कांग्रेस को उल्टा पड़ गया और एक ही रात में पूरा खेल बदल गया और उसे अप्रत्याशित पराजय का सामना करना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित