जयपुर , अक्टूबर 25 -- राजस्थान में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत केन्द्रीय खाद्य सुरक्षा दल ने बीकानेर में बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में एक गोदाम का निरीक्षण करीब 22 हजार किलोग्राम खाद्य तेल सीज किया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार केंद्रीय खाद्य सुरक्षा दल ने यह कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के कुल छह नमूने जांच के लिए लिए गए तथा बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र स्थित गोदाम से करीब 22 हजार किलोग्राम खाद्य तेल सीज किया गया।
दल ने बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेसर्स लक्ष्मी नारायण भंवर लाल के गोदाम का निरीक्षण किया। यहां से करीब 22 हजार किलोग्राम खाद्य तेल सीज किया गया। सीज किए गए तेल में नेपाल में निर्मित 'च्वाइस' ब्रांड का सनफ्लावर ऑयल तथा 'बाबा रामदेव छाप' सरसों का तेल शामिल है। कार्रवाई के दौरान जांच के लिए खाद्य तेल के तीन नमूने भी लिए गए। 'च्वाइस' सनफ्लावर ऑयल की लेबलिंग एवं प्रचार से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
दल ने मेसर्स नागड़ नारायण एग्रो इंडस्ट्रीज का निरीक्षण कर नारियल पेड़ा खाद्य सामग्री का एक नमूना जांच के लिए लिया,वहीं रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मेसर्स श्री बिशनलाल बाबूलाल की निर्माण इकाई का निरीक्षण कर दो खाद्य नमूने लिए गए। इस प्रकार एक ही दिन में तीन प्रतिष्ठानों से कुल छह खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान पाईगई कमियों के संबंध में संबंधित फर्मों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए जाएंगे।
अतिरिक्त आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) भगवत सिंह ने बताया कि दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावट तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध सघन प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है और खाद्य तेल, घी, मावा, मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय की गहन जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित