दुर्ग , जुलाई 13 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के यूनिवर्सल रेल मिल (यूआरएम) विभाग में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से एक जूनियर इंजीनियर की रविवार को मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कर्मचारियों और विभिन्न यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।
आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, हरियाणा निवासी जूनियर इंजीनियर विनोद कुमार सोमवार को दूसरी पाली में यूआरएम विभाग में क्रेन पर चढ़कर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गए, जिससे गंभीर रूप से झुलस गए। साथियों ने तत्काल उन्हें सेक्टर-9 स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में बीएसपी कर्मचारी और यूनियन पदाधिकारी अस्पताल पहुंच गए।
घटना के विरोध में यूनियन नेताओं ने प्लांट में लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि मैनपावर की कमी के कारण कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है, जिससे औद्योगिक दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ रही है।
मृतक के परिजनों ने उचित मुआवजे के साथ परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि परिवार हरियाणा का रहने वाला है, इसलिए मानवीय आधार पर एसएआईएल की हरियाणा अथवा आसपास स्थित किसी इकाई में रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित