जालंधर , अगस्त 29 -- ) महान भारतीय हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के तहत सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पंजाब फ्रंटियर की ओर से फ्रंटियर मुख्यालय जालंधर में विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर की फुटबॉल टीम और खालसा कॉलेज, जालंधर की टीम के बीच मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच खेला गया। वहीं, बीएसएफ की हॉकी टीम और ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की टीम के बीच अश्वनी स्टेडियम स्थित एस्ट्रो-टर्फ मैदान में हॉकी मुकाबला आयोजित किया गया। दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खेल कौशल, उत्साह और टीम भावना का प्रदर्शन किया।

बीएसएफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जालंधर में भी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर फुटबॉल, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को खेलों और शारीरिक फिटनेस के प्रति प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने अपने परिवारों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की मौजूदगी ने आयोजन के उत्साह को और बढ़ाया। इस अवसर पर खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित