अमृतसर , जून 21 -- सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पंजाब फ्रंटियर ने अपने हीरक जयंती वर्ष के अवसर पर और इस वर्ष की वैश्विक थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था हेतु योग" के अनुरूप 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन पूरे उत्साह और भव्यता के साथ किया। रविवार को पंजाब फ्रंटियर के सभी मुख्यालयों, यूनिटों और सीमा चौकियों पर व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
योग दिवस का मुख्य समारोह विश्व प्रसिद्ध संयुक्त जांच चौकी (जेसीपी) अटारी, अमृतसर में आयोजित किया गया। इसके अलावा करतारपुर साहिब कॉरिडोर (गुरदासपुर), जेसीपी हुसैनीवाला (फिरोजपुर) और जेसीपी सादकी (फाजिल्का) में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
अटारी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में बीएसएफ अधिकारियों एवं जवानों, उनके परिजनों, विद्यार्थियों, स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों तथा सीमावर्ती गांवों के निवासियों सहित 1000 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि बीएसएफ पंजाब के महानिरीक्षक डॉ. अतुल फुलझेले (आईपीएस) ने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को जीवन के प्रत्येक चरण में शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान अनुभवी योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। विशेष रूप से श्वास संबंधी व्यायामों तथा शरीर की सही मुद्रा पर जोर दिया गया, जो जोड़ों की गतिशीलता बढ़ाने, तनाव कम करने और समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक हैं।
बीएसएफ अधिकारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में पंजाब फ्रंटियर की सक्रिय भागीदारी यह दर्शाती है कि बीएसएफ केवल देश की सीमाओं की सुरक्षा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समाज के स्वास्थ्य, कल्याण और जागरूकता के प्रति भी समान रूप से प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया और लोगों को नियमित रूप से योग करने के लिए प्रेरित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित