कृष्णनगर , सितंबर 06 -- सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में भारत-बंगलादेश सीमा पर 11.282 किलोग्राम वज़न और 17.40 करोड़ रुपये से ज़्यादा कीमत के 89 सोने के बिस्कुट ज़ब्त किये तथा इसकी तस्करी करने वाले बंगलादेशी नागरिक को गिरफ़्तार किया।
हल्दरपारा बॉर्डर आउटपोस्ट इलाके में शनिवार देर रात 32 बटालियन ने यह सोना जब्त किया। बीएसएफ सूत्रों के अनुसार, बंगलादेश में मौजूद तस्करों ने अंधेरे का फ़ायदा उठाकर कंटीले तारों की बाड़ के ऊपर से एक बंडल फेंककर खेप को भारत में भेजने की कोशिश की।
सतर्क बीएसएफ जवानों ने हलचल देखी और तुरंत पीछा करना शुरू कर दिया और आखिरकार कथित तस्करों में से एक को पकड़ लिया। अभियान के दौरान बरामद बंडल में सोने के 89 बिस्कुट मिले। इस खेप में 11,281.770 ग्राम वज़न का 24-कैरेट सोना पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 17,40,21,302 रुपये है।
बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि ज़ब्त किया गया सोना आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क अधिकारियों को सौंप दिया गया है।
इस बीच, बीएफ अधिकारी गिरफ़्तार बंगलादेशी नागरिक से पूछताछ कर रहे हैं ताकि इस खेप के पीछे के बड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके। अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या यह ज़ब्ती सीमा के ज़रिये चल रहे सोने की तस्करी के किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़ी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित