अजनाला , मई 14 -- सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), पंजाब फ्रंटियर के महानिदेशक डॉ अतुल फुलझेले ने गुरुवार को बीएसएफ परिसर अजनाला में अंतर तहसील, ब्लॉक एवं जिला स्तरीय पुरुष कबड्डी चैम्पियनशिप 'स्पंदन लीग-2026' का उद्घाटन किया।
भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में श्री एस. एस. चंदेल, डी.आई.जी. बीएसएफ अमृतसर, श्री अंकित गोयल, डी.आई.जी. बीएसएफ गुरदासपुर, विभिन्न खेल अधिकारी एवं बड़ी संख्या में बीएसएफ के जवान, स्कूली छात्र तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों एवं दर्शकों को संबोधित करते हुए महानिरीक्षक बीएसएफ ने खेलों को शारीरिक फिटनेस, राष्ट्रीय एकता तथा नशा-मुक्त समाज निर्माण का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने खिलाड़ियों को निष्पक्ष खेल की शपथ भी दिलाई तथा 'नशा मुक्ति अभियान' के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस चैम्पियनशिप में पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से 16 जूनियर एवं 11 सीनियर टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में लगभग 325 खिलाड़ी एवं खेल अधिकारी शामिल हो रहे हैं।
मुख्य अतिथि ने अजनाला परिसर के मुख्य द्वार पर 'प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना केंद्र' का भी उद्घाटन किया, जिससे बीएसएफ कर्मियों एवं स्थानीय निवासियों को किफायती दवाइयों और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित