मुंबई , जुलाई 24 -- देश के प्रमुख शेयर बाजार बीएसई की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बीएसई इंडेक्स सर्विसेज ने शुक्रवार को एक नये सूचकांक बीएसई मिडस्मॉल आईटी इंडेक्स शुरू करने की घोषणा की।

यह सूचकांक उन कंपनियों के प्रदर्शन को मापता है, जो बीएसई 500 इंडेक्स (बीएसई 100 लार्जकैप टीएमसी को छोड़कर) का हिस्सा हैं और जिन्हें वृहत आर्थिक संकेतक स्तर पर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) श्रेणी में वर्गीकृत किया गया है।

बीएसई मिडस्मॉल आईटी इंडेक्स का आधार मूल्य 1000 है। इसकी आधार तिथि 20 जून 2005 है। इसका पुनर्गठन प्रत्येक वर्ष जून और दिसंबर में अर्धवार्षिक आधार पर किया जायेगा।

बीएसई ने बताया कि इस नये सूचकांक का उपयोग ईटीएफ और इंडेक्स फंड जैसी निष्क्रिय निवेश रणनीतियों के संचालन के लिए किया जा सकता है। इसके अलावा, इसका उपयोग पोर्टफोलियो प्रबंधन सेवा (पीएमएस) रणनीतियों, म्यूचुअल फंड योजनाओं तथा फंड पोर्टफोलियो के मानक के रूप में भी किया जा सकता है। इस नये सूचकांक के जुड़ने से निवेशकों को बाजार के अधिक व्यापक अवसरों तक पहुंच मिलेगी, जिससे उनकी निवेश रणनीतियां और अधिक सशक्त होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित