नयी दिल्ली , सितंबर 05 -- श्रीलंका ने दो से चार सितंबर तक यहां आयोजित बीएलटीएम 2026 में एमआईसीई (बैठकें, प्रोत्साहन, सम्मेलन और प्रदर्शनियां) पर्यटन, कॉर्पोरेट यात्रा और व्यावसायिक आयोजनों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में अपनी बढ़ती क्षमताओं का प्रदर्शन किया।

बिजनेस ट्रैवल और एमआईसीई श्रेणी के इस आयोजन में श्रीलंका ने भागीदार देश के रूप में हिस्सा लिया, जिसका नेतृत्व श्रीलंका कन्वेंशन ब्यूरो (एसएलसीबी) ने किया।

भारत में श्रीलंका की उच्चायुक्त महिशिनी कोलोने ने श्रीलंका कन्वेंशन ब्यूरो के अध्यक्ष धीरा हेटियाराच्ची और देश के पर्यटन उद्योग के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में श्रीलंकाई मंडप का उद्घाटन किया। इस राष्ट्रीय मंडप में श्रीलंका के कुल 25 ट्रैवल एजेंटों और होटल कारोबारियों ने भाग लिया और भारत तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों से आये खरीदारों और व्यावसायिक आगंतुकों के साथ व्यापारिक बैठकें कीं।

आयोजन के दौरान श्रीलंका ने अपनी सांस्कृतिक विरासत , स्वास्थ्य और कल्याण सुविधाओं के साथ-साथ शानदार आतिथ्य एवं बड़े सम्मेलनों की बेहतरीन सुविधाओं का उल्लेख किया। इसके अलावा देश ने डेस्टिनेशन विवाह, कॉन्फ्रेंस और प्रोत्साहन यात्रा कार्यक्रमों के अवसरों को भी बढ़ावा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित