आगरा , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा गुरुवार को बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संवाद करने के लिए आगरा पहुंचे। सूरसदन ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बीएलओ के साथ संवाद किया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई बीएलओ और अधिकारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बीएलओ ने हाल के दिनों में अनेक समस्याओं का सामना करने के बावजूद विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य पूरी ईमानदारी से किया है। आगरा में जिस गति से मतदाता पुनरीक्षण का कार्य चल रहा है, उससे उम्मीद है कि निर्धारित समय से पहले कार्य पूरा हो जाएगा।
संवाद से पूर्व मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की। उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण से संबंधित सुनवाई स्थलों का निरीक्षण कर वहां की प्रक्रिया का फीडबैक भी लिया।
विपक्ष द्वारा एसआईआर को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर श्री रिणवा ने कहा कि निर्वाचन कार्यालय की ओर से समय-समय पर प्रेस वार्ता के माध्यम से जानकारी दी गई है। छह जनवरी और छह फरवरी को भी प्रेस वार्ता आयोजित कर आरोपों के जवाब दिए गए। फॉर्म-7 को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी पात्र मतदाता का नाम न तो काटा गया है और न ही काटा जाएगा। यदि किसी मामले में शिकायत प्राप्त होती है तो उसकी जांच कराई जाएगी और त्रुटि पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि छह फरवरी के आंकड़ों के अनुसार नाम विलोपन की संख्या बहुत कम है। लगभग 23 हजार मामलों में से 16 हजार नाम ऐसे थे जो स्थान परिवर्तन के कारण दूसरी जगह स्थानांतरित पाए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित