नयी दिल्ली , जून 15 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा की कथित "वोट चोरी" के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सभी 14 जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविरों का सफल आयोजन कर यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस दिल्ली के 13,026 बूथों पर मजबूत संगठनात्मक उपस्थिति रखती है।
करोल बाग जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से अंबेडकर भवन में आयोजित प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर बीएलए-2 नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने राहुल गांधी के बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के आह्वान पर कार्य करते हुए चुनावी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
श्री यादव ने कहा कि बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी अपने-अपने बूथों की मतदाता सूची की गहन जांच करना है, ताकि किसी वैध मतदाता का नाम गलत तरीके से न हटाया जाए। उन्होंने बताया कि एक बूथ पर औसतन 1,200 मतदाता और 200-250 परिवार होते हैं, इसलिए स्थानीय स्तर पर नियमित सत्यापन से कथित अनियमितताओं को रोका जा सकता है।
शिविर में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित