सागर , मई 12 -- मध्यप्रदेश के सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) के ईएनटी विभाग ने एग्रेसिव फंगल साइनोसाइटिस जैसी दुर्लभ और गंभीर बीमारी से पीड़ित एक मरीज का सफल ऑपरेशन कर उसकी आंखों की रोशनी बचाने में सफलता प्राप्त की है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मरीज पिछले दो से तीन महीनों से बाईं आंख में तेज दर्द, चेहरे पर सूजन और धुंधला दिखाई देने की समस्या से पीड़ित था। संक्रमण बढ़ने के कारण उसकी आंख बाहर की ओर निकलने लगी थी।

जांच के दौरान सीटी स्कैन और एमआरआई में पता चला कि नाक के भीतर फैला फंगल संक्रमण आंख की मांसपेशियों और आईबॉल पर दबाव बना रहा था, जिससे मरीज की दृष्टि जाने का खतरा उत्पन्न हो गया था।

मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए ईएनटी विशेषज्ञों ने तत्काल सर्जरी करने का निर्णय लिया। चिकित्सकों ने आधुनिक एफईएसएस (फंक्शनल एंडोस्कोपिक साइनस सर्जरी) और ऑर्बिटल डीकंप्रेशन तकनीक का उपयोग करते हुए नाक के रास्ते से संक्रमित फंगल मास को सुरक्षित बाहर निकाला।

सर्जरी के बाद आंख पर पड़ रहा दबाव कम हो गया और मरीज की दृष्टि में सुधार हुआ है। चिकित्सकों के अनुसार मरीज अब स्वस्थ है। इस जटिल ऑपरेशन को ईएनटी विभाग की डॉ. रीमा गोस्वामी, डॉ. दिनेश जैन, डॉ. सादिया आफरीन, डॉ. श्वेतांक, डॉ. निधि तथा एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. अजय सिंह की टीम ने सफलतापूर्वक संपन्न किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित