वाराणसी , अगस्त 16 -- काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के शिक्षा संकाय का 109वां स्थापना दिवस रविवार को कामाच्छा स्थित चाणक्य सभागार में उत्साहपूर्वक मनाया गया। समारोह में लगभग 700 लोगों ने भाग लिया, जिनमें 300 से अधिक पूर्व विद्यार्थी शामिल रहे।

इस अवसर पर महामना पंडित मदन मोहन मालवीय एवं मां सरस्वती की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया तथा संकाय का पहला न्यूज़लेटर भी जारी किया गया। पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें श्रीमद्भगवद्गीता की प्रतियां भेंट की गईं।

शिक्षा संकाय के पूर्व विद्यार्थी, पूर्व कुलपति एवं पूर्व संकाय प्रमुख प्रो. हरिकेश सिंह ने कहा कि ज्ञान, प्रशिक्षण और प्रसार शिक्षण संस्थानों की मूल जिम्मेदारियां हैं तथा राष्ट्र निर्माण की आधारशिला कक्षा में रखी जाती है। उन्होंने कहा कि तकनीक शिक्षा का माध्यम हो सकती है, लेकिन मनुष्य को वास्तविक अर्थों में मनुष्य बनाने की प्रक्रिया केवल मनुष्य ही कर सकता है। उन्होंने शिक्षण में प्रामाणिकता, अनुसंधान में गुणवत्ता और प्रसार कार्य में प्रासंगिकता पर बल देते हुए वर्ष 2030 में बीएचयू में अंतरराष्ट्रीय शिक्षा सम्मेलन आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित