वाराणसी , सितंबर 8 -- बीएचयू में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी दिलाने के नाम पर करीब छह लाख रुपये की ठगी करने और कूटरचित नियुक्ति पत्र देने के आरोपी चन्द्रमणि शर्मा को सिगरा पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को मुखबिर की सूचना पर सोनिया रोड स्थित उसके कार्यालय से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ सिगरा थाने में धोखाधड़ी और कूटरचना समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, चन्द्रमणि शर्मा ने पीड़िता को बीएचयू में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था।
आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर उसने पीड़िता से करीब छह लाख रुपये लिए। इसके बाद विश्वास में लेने के लिए उसे कूटरचित नियुक्ति पत्र भी दे दिया। इस संबंध में सिगरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 352, 336(3), 338 और 340(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित