वाराणसी , अप्रैल 13 -- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में दैनिक वेतनभोगी और संविदा कर्मचारी अपनी मांगों कोलेकर पिछले कई दिनों से धरना दे रहे हैं। सोमवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने धरना स्थल पहुंचकर कनिष्ठ लिपिक परीक्षा स्थगन की मांग को लेकर आंदोलनरत कर्मचारियों का समर्थन किया।

इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वीडियो कॉल के माध्यम से धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों से संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी उनके हक और न्याय की इस लड़ाई को मजबूती से लड़ेगी तथा हर स्तर पर उनके साथ खड़ी रहेगी।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि बीएचयू प्रशासन की कार्यप्रणाली पूरी तरह असंवेदनशील है और कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर रही है। वर्षों से विश्वविद्यालय में कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण का मामला लंबित पड़ा है, लेकिन इसके समाधान के बजाय प्रशासन परीक्षा आयोजित कर कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी की गई अधिसूचनाएं और भर्ती प्रक्रिया पारदर्शिता से परे हैं, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। जो कर्मचारी वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें दरकिनार कर नई भर्ती प्रक्रिया लागू करना अन्यायपूर्ण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित