वाराणसी , जनवरी 29 -- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के रुइया छात्रावास के बाहर गुरुवार शाम को दो छात्र गुटों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में एक छात्र घायल हुआ है। सूचना मिलते ही मौके पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड और विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी पहुंच गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस को सूचित किया गया। डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने बताया कि बिरला छात्रावास और रुइया छात्रावास के छात्रों के बीच कुछ विवाद हुआ था। इस विवाद के दौरान एक छात्र को चोट आई, जिसे इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। कुछ पूर्व छात्रों और अनधिकृत रूप से परिसर में रह रहे व्यक्तियों पर आरोप लगे हैं। छात्रावास की तलाशी ली जा रही है। पथराव की घटना भी सामने आई है।

अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) सरवणन टी. पुलिस फोर्स और प्रोविंशियल आर्म्ड कांस्टेबुलरी (पीएसी) के साथ परिसर में मार्च करते हुए बिरला छात्रावास पहुंचे, जहां आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित