वाराणसी , जून 20 -- काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के पर्वतारोहण केंद्र के छात्र-छात्राओं का 14 सदस्यीय दल शनिवार को हिमाचल प्रदेश स्थित माउंट फ्रेंडशिप पीक के आरोहण के लिए रवाना हुआ। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अभियान दल मनाली से सोलंग, धुंधी एवं बकरथाच होते हुए व्यास कुंड पहुंचेगा, जिसे व्यास नदी का उद्गम स्थल माना जाता है। व्यास कुंड समुद्र तल से लगभग 12,772 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। इसके उपरांत दल लेडी लेग क्षेत्र में लगभग 15,500 फीट की ऊंचाई पर अपना दूसरा शिविर स्थापित करेगा। आगे बढ़ते हुए लगभग 14,900 फीट की ऊंचाई पर एडवांस बेस कैंप स्थापित किया जाएगा, जहां स्नोक्राफ्ट एवं आइसक्राफ्ट का प्रशिक्षण और अभ्यास किया जाएगा। इसके पश्चात दल 17,352 फीट ऊंचे फ्रेंडशिप पीक पर अंतिम आरोहण करेगा।

कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने दल के सदस्यों से संवाद करते हुए उनके अब तक के प्रशिक्षण और अनुभव के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों से अभियान की तैयारियों पर चर्चा की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। कुलपति ने कहा कि सभी सदस्य पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करें तथा सुरक्षित रूप से सफलतापूर्वक लौटें। उन्होंने पर्वतारोही दल के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

पर्वतारोहण केंद्र के प्रभारी प्रो. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान प्रशिक्षक बलराम यादव एवं शिवनारायण यादव के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। माउंट फ्रेंडशिप पीक हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वतमाला में स्थित है तथा अभियान का प्रारंभ मनाली से होगा। मनाली पौराणिक कथाओं में मनु तथा महाभारतकालीन पात्र हिडिम्बा से जुड़े ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के लिए जाना जाता है।

प्रो. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिभागियों ने इस अभियान के लिए पिछले तीन महीनों तक कठोर शारीरिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त किया है। अभियान दल 30 जून, 2026 तक वाराणसी लौट आएगा।

अभियान दल में अगुआई कर रहे संदीप कुमार यादव एवं कुसुम कुमारी, क्वार्टर मास्टर निशांत सिंह एवं निधि प्रजापति, मेडिकल ऑफिसर अनु कुमारी, इन्फॉर्मेशन ऑफिसर राजा कुमार, इक्विपमेंट ऑफिसर शुभम कुमार उपाध्याय, लगेज ऑफिसर सुमन उरांव एवं नीतिश कुमार गुप्ता, ट्रांसपोर्ट ऑफिसर आदित्य यादव एवं शोभा पासवान तथा रिक्रिएशन ऑफिसर चारू राठौर शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित