वाराणसी , अक्टूबर 06 -- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के समाजशास्त्र विभाग के सहायक प्रोफेसर (वरिष्ठ वेतनमान) डॉ. मनोज कुमार वर्मा का वियतनाम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शोध सम्मेलन में प्लेनरी स्पीकर के रूप में व्याख्यान के लिए चयन हुआ है। इसके साथ ही उनका चयन विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की प्रतिष्ठित टीचर्स एसोसिएटशिप के लिए भी किया गया है।

डॉ. वर्मा एक से चार नवंबर तक वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी में आयोजित छठे इंडो ग्लोबल मल्टीडिसिप्लिनरी रिसर्च कॉन्फ्रेंस में प्लेनरी व्याख्यान देंगे। सम्मेलन का आयोजन इंटरनेशनल बेनेवोलेंट रिसर्च फाउंडेशन, कोलकाता की ओर से विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से किया जा रहा है।

डॉ. वर्मा "डिजिटल इनइक्वलिटी एंड एजुकेशनल अपॉर्च्युनिटीज अमंग यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स: एक्सामिनिंग डिजिटल एक्सेस, यूसेज एंड लर्निंग आउटकम्स" विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे। उनका शोध विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के बीच डिजिटल संसाधनों की पहुंच, तकनीक के उपयोग और शैक्षणिक परिणामों में असमानता पर केंद्रित है।

इसके अलावा उनका चयन भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान (आईआईएएस), शिमला में संचालित यूजीसी के अंतर-विश्वविद्यालय मानवीय एवं सामाजिक विज्ञान केंद्र की टीचर्स एसोसिएटशिप के लिए हुआ है। इसके तहत वह 2027 से 2029 के दौरान निर्धारित अवधि में शिमला में शोध कार्य करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित