वाराणसी , जुलाई 25 -- काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के छात्र सृजन सिंह का इटली स्थित बोलोनिया विश्वविद्यालय में पीएचडी के लिए चयन हुआ है।

सृजन सिंह वहां भारत के प्लाइस्टोसीन कालीन जीवाश्मों के जैव-अण्विक अध्ययन विषय पर शोध करेंगे। इस शोध के माध्यम से भारत में प्लाइस्टोसीन काल के जीव-जंतुओं के वितरण, उनके विकासक्रम तथा पर्यावरणीय परिवर्तनों के संबंध में महत्वपूर्ण वैज्ञानिक जानकारी प्राप्त होने की संभावना है।

सृजन सिंह ने वर्ष 2025 में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग से परास्नातक की उपाधि प्राप्त की थी। वह विभाग के सहायक आचार्य डॉ. जोस टॉम राफेल के मार्गदर्शन में शोध की तैयारी कर रहे थे। उनके चयन पर विभागाध्यक्ष प्रो. महेश प्रसाद अहिरवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि 11वीं शताब्दी ईस्वी में स्थापित बोलोनिया विश्वविद्यालय विश्व के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल है। ऐसे संस्थान में विभाग के छात्र का चयन होना विश्वविद्यालय और विभाग दोनों के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने बताया कि बोलोनिया विश्वविद्यालय और काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक समझौते को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिसकी स्वीकृति कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी से प्राप्त हो चुकी है। सृजन सिंह के चयन पर विभाग के सभी शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित