वाराणसी , अगस्त 28 -- काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने परिसर की प्रमुख सुविधाओं के मरम्मत, नवीनीकरण और विकास के लिए श्री कुणाल डालमिया तथा डालमिया समूह की संबद्ध कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

एमओयू पर कुलसचिव राजन श्रीवास्तव और कुणाल डालमिया ने कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क विभाग ने शुक्रवार को बताया कि समझौता पांच वर्ष के लिए किया गया है और आपसी सहमति से इसकी अवधि बढ़ाई जा सकेगी।

समझौते के तहत सेठ दूली चंद जी डालमिया छात्रावास, सेंट्रल हिंदू स्कूल (सीएचएस), कमच्छा से सटे पूर्वी क्षेत्र तथा सावित्री देवी डालमिया विज्ञान भवन में विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। डालमिया छात्रावास में संरचनात्मक मरम्मत, जलरोधन, विद्युत व्यवस्था और शौचालयों का नवीनीकरण, रंग-रोगन तथा वृक्षारोपण कराया जाएगा। इसके अलावा बैडमिंटन, पिकलबॉल और बास्केटबॉल के लिए बहुउद्देशीय खेल मैदान विकसित किया जाएगा। छात्रावास परिसर में स्वर्गीय एल.एन. डालमिया की प्रतिमा और उनके योगदान का संक्षिप्त विवरण भी प्रदर्शित किया जाएगा।

सीएचएस क्षेत्र का सीमा रेलिंग, पौधारोपण, फव्वारों और जल निकायों के साथ पुनर्विकास किया जाएगा। यहां बहुउद्देशीय खेल मैदान तथा गर्मियों में ठंडे और सर्दियों में गर्म पेयजल की सुविधा भी विकसित की जाएगी। इस क्षेत्र का नाम 'साबो उद्यान' रखा जाएगा। यहां होने वाली वार्षिक खेल प्रतियोगिता 'साबो कप' के लिए दानदाताओं की ओर से ट्रॉफी और पुरस्कार राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

पहली दो परियोजनाओं के पूरा होने के बाद सावित्री देवी डालमिया विज्ञान भवन में संरचनात्मक मरम्मत, जलरोधन, विद्युत एवं शौचालयों के नवीनीकरण और रंग-रोगन का कार्य कराया जाएगा। भवन में स्वर्गीय सावित्री देवी डालमिया की प्रतिमा तथा उनके जीवन का संक्षिप्त परिचय भी प्रदर्शित किया जाएगा।

कुलपति प्रो. चतुर्वेदी ने विश्वविद्यालय की सुविधाओं के विकास में डालमिया समूह की पहल की सराहना की। कुणाल डालमिया ने कहा कि वह इस योगदान को एक विरासत के रूप में देखते हैं और उम्मीद करते हैं कि परिवार की भावी पीढ़ियां भी इस परंपरा को आगे बढ़ाएंगी।

विश्वविद्यालय के अनुसार, स्वर्गीय लक्ष्मीनिवास डालमिया ने वर्ष 1973 में सेठ दूली चंद जी डालमिया छात्रावास बीएचयू को दान किया था। वहीं, कुणाल डालमिया और उनकी कंपनी ने वर्ष 2004 में हुए एमओयू के तहत सावित्री देवी डालमिया विज्ञान भवन के निर्माण में योगदान दिया था।

प्रस्तावित कार्यों के लिए संरचनात्मक डिजाइन और ड्रॉइंग बीएचयू उपलब्ध कराएगा। निर्माण कार्यों तथा एमओयू के क्रियान्वयन की निगरानी भी विश्वविद्यालय की ओर से की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित