भोपाल , जून 28 -- भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने अपनी आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में हबीबगंज-बरखेड़ा लिंक रोड पर नव-निर्मित पुल का लोकार्पण किया। इस पुल का उद्घाटन बीएचईएल के निदेशक (इंजीनियरिंग, अनुसंधान एवं विकास) एस. एम. रामनाथन ने कार्यकारी निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय की उपस्थिति में किया।
समारोह में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) टी. यू. सिंह, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा परियोजना से जुड़े अन्य हितधारक भी उपस्थित रहे। बीएचईएल प्रबंधन के अनुसार हबीबगंज-बरखेड़ा लिंक रोड टाउनशिप के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। पुरानी पुलिया के जर्जर होने से मार्ग पर दृष्टि अवरोध, तीखे मोड़ और सीमित टर्निंग रेडियस जैसी समस्याएं उत्पन्न हो गई थीं, जिससे यातायात की सुरक्षा और सुगम आवागमन प्रभावित हो रहा था।
इन समस्याओं के समाधान के लिए पुरानी संरचना के स्थान पर 17 मीटर x 12 मीटर आकार की तीन-सेल प्रबलित सीमेंट कंक्रीट (आरसीसी) बॉक्स कलवर्ट का निर्माण किया गया। परियोजना को सात माह की अवधि में पूरा किया गया।
नवनिर्मित पुल के निर्माण से ब्लाइंड स्पॉट और तीखे मोड़ों की समस्या समाप्त हुई है तथा सड़क सुरक्षा और यातायात संचालन में सुधार हुआ है। सड़क की प्रभावी चौड़ाई 6.2 मीटर से बढ़ाकर 8.2 मीटर कर दी गई है, जिससे कर्मचारियों, टाउनशिप निवासियों और आगंतुकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर एस. एम. रामनाथन ने परियोजना से जुड़े अभियंताओं और विभिन्न विभागों की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के साथ परियोजना का पूरा होना बीएचईएल की कार्यकुशलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परियोजनाएं परिचालन दक्षता बढ़ाने के साथ आधुनिकीकरण और सुरक्षित कार्य वातावरण के प्रति बीएचईएल की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित