भोपाल , सितंबर 14 -- भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने 295.1 एमवीए, 400 केवी कन्वर्टर ट्रांसफॉर्मर की दूसरी इकाई का सफलतापूर्वक निर्माण, परीक्षण एवं प्रेषण कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह इकाई पावरग्रिड की 6000 मेगावाट, ±800 केवी एचवीडीसी खावड़ा-नागपुर बाइपोल परियोजना के लिए निर्मित किए जा रहे 26 कन्वर्टर ट्रांसफॉर्मरों में से दूसरी इकाई है।
इस उपलब्धि के साथ बीएचईएल भोपाल ने परियोजना की संविदात्मक डिलीवरी प्रतिबद्धताओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। इन ट्रांसफॉर्मरों का निर्माण बीएचईएल के अभियंताओं, अधिकारियों और कर्मचारियों की तकनीकी क्षमता एवं टीम भावना के बल पर किया जा रहा है।
इस अवसर पर पावरग्रिड के महाप्रबंधक सुबोध कुमार राऊत, बीएचईएल के महाप्रबंधक (गुणता) जी.पी. बघेल, महाप्रबंधक (टीसीबी इंजीनियरिंग, सर्विसेस एवं एमएम) एस.के. महाजन, महाप्रबंधक (टेस्टिंग) सुनील भार्गव सहित बीएचईएल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पावरग्रिड की ओर से शगुफ्ता नसरीन खान, अनुपम जैन, रवि मिश्रा एवं दीपेश यादव सहित टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर पावरग्रिड एवं बीएचईएल के वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी टीम को उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा उनके परिश्रम, समर्पण, तकनीकी दक्षता और गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। अधिकारियों ने आगामी इकाइयों को भी निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए टीम की क्षमता पर विश्वास व्यक्त किया।
यह उपलब्धि खावड़ा-नागपुर एचवीडीसी परियोजना के सफल क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान के साथ बीएचईएल भोपाल की उच्च तकनीकी क्षमता, गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता और समयबद्ध परियोजना निष्पादन को भी दर्शाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित